साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाहुबली द एपिक’ आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, और इसके साथ ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज के पहले ही दिन थिएटर्स के बाहर और अंदर फैंस का जश्न किसी त्यौहार से कम नहीं रहा। कहीं ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे हैं, तो कहीं स्क्रीन पर फूलों की वर्षा की जा रही है।
‘बाहुबली द एपिक’ दरअसल प्रभास की सुपरहिट फिल्मों ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ और ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ के दोनों भागों को जोड़कर एक महाकाव्य रूप में पेश किया गया है। फिल्म को विशेष तकनीकी इफेक्ट्स और नए दृश्यों के साथ फिर से एडिट किया गया है, जिससे दर्शकों को पहले से भी ज्यादा भव्य अनुभव मिल रहा है।
थिएटर्स से वायरल हो रहे वीडियोज में फैंस का जोश देखने लायक है। एक वीडियो में उस समय पूरा सिनेमाघर झूम उठा, जब पर्दे पर महेंद्र बाहुबली का भावनात्मक सीन चला, जिसमें उन्हें महल से निकाल दिया जाता है और वे एक नए कबीले में लोगों का दिल जीत लेते हैं। जैसे ही स्क्रीन पर बाहुबली को जनता राजा के रूप में स्वीकार करती है, फैंस फूलों की वर्षा करने लगते हैं और “जय बाहुबली” के नारे गूंजने लगते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #BaahubaliTheEpic और #Prabhas ट्रेंड कर रहे हैं। फिल्म क्रिटिक्स का कहना है कि ‘बाहुबली द एपिक’ न सिर्फ एक री-रिलीज है, बल्कि एक भव्य सिनेमाई अनुभव है जो दर्शकों को फिर से उसी जादुई दुनिया में ले जाता है।
पहले दिन से ही फिल्म को लेकर फैंस की दीवानगी चरम पर है, और अनुमान लगाया जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर नया इतिहास रच सकती है।


