इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के महानिदेशक नीरज के. पवन ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझा और सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में 181 संपर्क हेल्पलाइन एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन की बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लिया जा रहा है तथा विभागीय उच्च अधिकारियों द्वारा उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक जी.के. शर्मा ने संपर्क पोर्टल की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल के प्रमुख मॉड्यूल—ग्रीवेंस मैनेजमेंट (Grievance Management), सर्विस डिलीवरी मॉनिटरिंग, रियलिटी चेक सर्वे, ई-जनसुनवाई एवं निरीक्षण—के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का विभिन्न स्तरों पर विश्लेषण किया जाता है, जिससे संबंधित विभागों द्वारा उनका शीघ्र और प्रभावी निस्तारण संभव हो पाता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
विभागीय शासन सचिवों द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षणों के परिणाम स्वरूप हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ उनकी संतुष्टि दर में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।


