राजस्थान में महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्म ने पुलिस मुख्यालय से महिलाओं के लिए समर्पित 42 पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल राज्य में महिला सुरक्षा और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
सीएम ने जानकारी दी कि ‘महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090’ को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इन नई पीसीआर वैन को 24×7 सक्रिय रखा जाएगा, जिससे जरूरत के समय महिलाओं को तुरंत सहायता मिल सके। साथ ही, इन वाहनों को ‘अभय कमांड सेंटर’ और ‘डायल 112’ प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिससे फील्ड में मौजूद पुलिस टीम और कंट्रोल रूम के बीच रियल-टाइम कम्युनिकेशन संभव हो सकेगा।
हर पीसीआर वैन को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, जिनमें मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी), जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, फोल्डिंग स्ट्रेचर और एलईडी लाइट बार शामिल हैं। इससे आपातकालीन स्थितियों में तेजी और प्रभावशीलता के साथ कार्रवाई की जा सकेगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से महिलाओं को समय पर सहायता मिलेगी और उत्पीड़न या हिंसा के मामलों में तुरंत हस्तक्षेप संभव होगा। यह कदम प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।


