राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को केंद्र सरकार ने छह महीने का सेवा विस्तार दे दिया है। श्रीनिवास 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब वह 28 फरवरी 2027 तक राजस्थान के मुख्य सचिव के पद पर बने रहेंगे। राज्य सरकार ने उनके कार्यकाल में विस्तार का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, जिसे केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। मंत्रालय की ओर से राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग को एक्सटेंशन का आदेश भी भेज दिया गया है।
1989 बैच के IAS अधिकारी वी. श्रीनिवास ने 17 नवंबर 2025 को राजस्थान के मुख्य सचिव का पदभार संभाला था। इससे पहले वह करीब सात साल तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे। मुख्य सचिव बनने से पहले वह केंद्रीय प्रशासनिक सुधार, लोक शिकायत, पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे।
राज्य सरकार ने 23 जुलाई 2026 को उनके एक्सटेंशन का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। अब केंद्र की मंजूरी के बाद श्रीनिवास की प्रशासनिक भूमिका को अगले छह महीनों के लिए निरंतरता मिल गई है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ राज्य सरकार को आगामी प्रशासनिक और विकास योजनाओं में मिलेगा।
वी. श्रीनिवास का प्रशासनिक करियर भी काफी महत्वपूर्ण रहा है। वह पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव के रिश्तेदार बताए जाते हैं। उनकी पत्नी नरसिम्हा राव की रिश्ते में दोहिती हैं। श्रीनिवास ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के दौरान तत्कालीन विदेश मंत्री और वित्त मंत्री जसवंत सिंह के निजी सचिव के रूप में भी काम किया। इसके अलावा वह वॉशिंगटन स्थित अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत के कार्यकारी निदेशक के तकनीकी सहायक भी रह चुके हैं।


