राजस्थान में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, कोटा, बाड़मेर, चूरू और अलवर समेत कई जिले सीवियर हीटवेव की चपेट में रहे। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर और फलोदी में तापमान 46 डिग्री, जैसलमेर में 45.6 डिग्री और कोटा में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर सहित कई शहरों में दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कोटा में न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रातभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।
हालांकि सीकर में मंगलवार दोपहर बाद मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 से 30 मई तक कई क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
विशेषज्ञों ने लोगों को नौतपा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय पानी की बोतल, छाता और सिर ढकने का सामान साथ रखने की अपील की गई है। साथ ही डीहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की चेतावनी दी गई है।


