राजस्थान में इस बार मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र Jaipur के अनुसार प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 जून तक हो सकती है, जबकि इसकी सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। यानी इस बार मानसून करीब एक सप्ताह पहले पहुंचने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून ने 7 दिन पहले प्रदेश में दस्तक दी थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले छह वर्षों में केवल 2022 ऐसा साल रहा, जब मानसून 5 दिन की देरी से आया था। बाकी वर्षों में मानसून सामान्य या समय से पहले पहुंचा है। इस बार भी मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।
हालांकि मानसून से पहले प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का दौर जारी है। गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। जैसलमेर और बाड़मेर, में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फलोदी और जोधपुर समेत कई इलाके लू की चपेट में रहे।
मौसम विभाग ने राजस्थान के 10 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि तीन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 मई के बाद अगले एक सप्ताह तक तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है।
इधर राजधानी जयपुर में गुरुवार शाम तेज आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली। 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं और बारिश के बाद तापमान 5 से 6 डिग्री गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया


