राजस्थान विधानसभा को ईमेल के माध्यम से RDX से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना पर राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मामले की जानकारी तत्काल राज्य के पुलिस महानिदेशक को दी। स्पीकर देवनानी ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। उन्होंने विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए उनका मनोबल बढ़ाये रखा। विधानसभा परिसर को एहतियातन खाली कराया गया तथा बम निरोधक दस्ता एवं विशेष पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच की।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर एजेंसियां जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि विधान सभा परिसर की चैकिग एण्टी सबोटाज चैक टीम द्वारा आवश्यक उपकरणों की सहायता से की गई। उन्होंने बताया कि एण्टी सबोटाज चैक के दौरान विधान सभा परिसर में किसी भी प्रकार का कोई विस्फोटक पदार्थ और आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय की एण्टी सबोटाज चैक टीम के प्रभारी द्वारा इस संबंध में विधान सभा को प्रमाण-पत्र भी दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे विधानसभा परिसर की गहन और तकनीकी जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि धमकी पूरी तरह फर्जी थी। किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। जांच पूरी होने के बाद विधान सभा सचिवालय के अधिकारी व कर्मचारी पुनः अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं और स्थिति सामान्य हो गई है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि ई मेल में जो सामग्री लिखी गई है, उसका राजस्थान विधान सभा से कोई संबंध नहीं है। उन्होने कहा कि ईमेल में कुछ असंबंधित और भ्रामक बातें लिखी गई थीं, जैसे किसी भी ब्राह्मण को DMK में शामिल नहीं होना चाहिए, एस.वी. शेखर के DMK में शामिल होने का उल्लेख करते हुए विधानसभा को उड़ाने की धमकी दी गई। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि इस प्रकार का ई-मेल भ्रामक है।


