आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए 16 से 31 मार्च तक चलाए गए विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा गश्त, नाकाबंदी एवं दबिश की कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश, भट्टियां नष्ट करते हुए अवैध मदिरा को जब्त किया।
आबकारी आयुक्त नकाते के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
करौली जिले में हिण्डौन सिटी के तहत तिघरिया में पड़त दुकान में अवैध रूप से देशी व अंग्रेजी शराब की बिक्री करने पर संचालक बिपेन्द्र एवं अन्नु के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। चुरू में आबकारी दल की निरोधक कार्रवाई के तहत 5 अभियोग दर्ज करते हुए एक मोटरसाईकिल से 75 पव्वे देशी मदिरा एवं 20 लीटर देशी हथकड़ शराब बरामद की गई। बांसवाड़ा जिले में बांसवाड़ा व कुशलगढ़ क्षेत्र गश्त व दबिश की कार्रवाई करते हुए 2400 लीटर वॉश नष्ट किया और 7 अभियोग दर्ज किए गए।
इसी क्रम में जयपुर में सोमवार रात्रि नाकाबंदी के तहत होंडा सिटी कार से 46 बीयर के केन (फोर सेल इन हरियाणा) को बरामद करते हुए मौके से अभियुक्त चालक को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार प्रदेश में अन्य जिलों में भी आबकारी निरोधक दलों द्वारा नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश की कार्रवाई कर अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर कार्रवाई की जा रही है।


