हनुमान जयंती के पावन अवसर पर फिल्म ‘रामायण’ से रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में लुक जारी किया गया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस खास मौके पर रिलीज की गई झलक में रणबीर कपूर का रूप सादगी, गरिमा और आध्यात्मिकता से भरपूर नजर आ रहा है।

वीडियो में उनका शाही वेशभूषा और बारीक आभूषणों से सजा हुआ शांत और संतुलित रूप दर्शकों को बेहद आकर्षित कर रहा है। भगवान राम के रूप में उनका व्यक्तित्व एक दिव्यता और पवित्रता का एहसास कराता है। खास बात यह है कि इस लुक को प्रजा के बीच दिखाते हुए प्रस्तुत किया गया है, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ जाती है।

वीडियो में शानदार वीएफएक्स और दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे और भी प्रभावशाली बनाता है। दर्शकों के बीच इस लुक को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

भगवान राम का किरदार निभाने को लेकर रणबीर कपूर ने पहले ही कहा था कि वह इस भूमिका को निभाने नहीं, बल्कि भगवान राम से सीखने आए हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम की सादगी और पवित्रता को समझना और अपनाना उनके लिए एक विनम्र अनुभव रहा है।


