राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में 20 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज घटनास्थल का दौरा किया। सीएम करीब ढाई घंटे तक रिफाइनरी परिसर में रहे और अधिकारियों के साथ हादसे को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उस जगह का भी निरीक्षण किया, जहां आग लगी थी। उनके साथ कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे रिफाइनरी पहुंचे। इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राज्य की अन्य जांच एजेंसियां भी मौके पर पहुंच चुकी थीं। रिफाइनरी के गेट नंबर 1 और 2 पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।

कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि अग्निकांड की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों की पहचान कर उन्हें जल्द दूर किया जाएगा, ताकि रिफाइनरी को फिर से शुरू किया जा सके।
बताया जा रहा है कि करीब 79 हजार 459 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री को करना था, जिसकी तैयारियां पिछले एक सप्ताह से चल रही थीं। घटनास्थल के पास बनाए गए सभा स्थल पर बड़ी संख्या में पंखे और कूलर लगाए गए थे और करीब 2 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। हालांकि, हादसे के बाद इन तैयारियों को हटाना पड़ा।

20 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे हीट एक्सचेंजर सर्किट में हाइड्रोकार्बन लीकेज के कारण क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में आग लग गई थी। आग इतनी भीषण थी कि लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जांच जारी है।


