राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने महान क्रांतिकारी हेमू कालाणी को बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हेमू कालाणी का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्र प्रेम की अनुपम मिसाल है। उन्होंने अल्पायु में ही मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर भारत के स्वाधीनता संग्राम में अमिट योगदान दिया।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि हेमू कालाणी जैसे वीर सपूत का जीवन युवाओं को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत करता है। उन्होंने कहा कि हेमू कालाणी की वीरता, निडरता और राष्ट्र के प्रति अटूट आस्था भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है।
वासुदेव देवनानी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे हेमू कालाणी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि हेमू कालाणी का नाम भारत के स्वर्णिम इतिहास में सदा श्रद्धा और गौरव के साथ स्मरण किया जाता रहेगा और उनका बलिदान युगों-युगों तक देशभक्ति की ज्योति प्रज्ज्वलित करता रहेगा।


