मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी ने वर्ष 2024 के अखिल भारतीय एवं प्रादेशिक कृति पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस घोषणा में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के धन्नासर निवासी एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को उनके चर्चित यात्रा-वृत्तांत ‘ओकुहेपा’ के लिए अखिल भारतीय प्रोफेसर विष्णुकांत शास्त्री पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के तहत उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

डॉ. सोनी वर्तमान में राजस्थान के मुख्यमंत्री के सचिव तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के शासन सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी विशिष्ट पहचान है। उनका यात्रा-वृत्तांत ‘ओकुहेपा’ पाठकों और साहित्य जगत में काफी सराहा गया है। इस कृति को इससे पहले राजस्थान सरकार द्वारा हिन्दी सेवा पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राजस्थानी और हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. जितेंद्र सोनी की अब तक 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी लेखनी में समाज, संस्कृति, लोकजीवन और यात्रा अनुभवों का जीवंत चित्रण देखने को मिलता है। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा दिए जाने वाले इस राष्ट्रीय सम्मान से न केवल डॉ. सोनी, बल्कि राजस्थान के साहित्य जगत को भी गौरव प्राप्त हुआ है। साहित्य प्रेमियों और शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


