गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित ‘गुरुवंदन कार्यक्रम’ के तहत जयपुर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों, मठों एवं मंदिरों में संत-महंतों का श्रद्धा एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति में गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा प्रकट करना तथा संत समाज के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करना है।
इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पापड़ के हनुमान जी के महंत कजोड़मल महाराज का एवं मोती डूंगरी मंदिर, परिसर में जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग रतनलाल योगी तथा पूर्व विधायक श्री अशोक परनामी ने मोती डूंगरी मंदिर के महंत श्री कैलाश जी महाराज का शॉल, दुपट्टा, श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंट कर अभिनंदन किया।
देवस्थान विभाग द्वारा जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धा एवं गरिमा के साथ गुरुजन वंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से मोती डूंगरी मंदिर, खोले के हनुमान जी मंदिर, वीर हनुमान जी मंदिर, त्रिवेणी धाम, श्री गोविंद देव जी मंदिर, गढ़ गणेश मंदिर, डेहर के बालाजी मंदिर, काले हनुमान मंदिर चाँदी की टकसाल, गुप्त वृंदावन धाम, बस्सी, चाकसू, शाहपुरा, सांगानेर, गोनेर ,आमेर ,जोबनेर तथा दूदू आदि क्षेत्र के मंदिर एवं मठ शामिल रहे।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में संत-महंतों का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘गुरु वंदन संदेश’ भेंट किया गया।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु, संत एवं महंतों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का महत्वपूर्ण पर्व है। इसी भावना के साथ जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में संत समाज का अभिनंदन कर समाज में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का संदेश दिया गया।


