जयपुर नगर निगम के नए मेयर सुनील कोठारी ने पदभार संभालने के बाद मंगलवार को निगम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। तीन घंटे से अधिक चली बैठक में राजस्व, कार्मिक, स्वास्थ्य, उद्यान, प्रोजेक्ट, गैराज और विधि सहित 15 से ज्यादा शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित प्रकरणों और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
मेयर ने शहर में अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोन उपायुक्तों से कहा कि जयपुर की चारदीवारी और हेरिटेज पहचान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ लंबित मामलों का तय समय में निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मेयर ने अधिकारियों को ‘एक सोच-एक डोर’ के मंत्र के साथ टीम भावना से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान और जनहित से जुड़े कार्य नगर निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।

पुरोहित जी कटले की आग पर भी चर्चा
बैठक में पुरोहित जी कटले में हुई आग की घटना पर भी चर्चा हुई। मेयर ने आपात स्थिति में निगम के उपकरणों और संसाधनों की उपयोगिता को लेकर सवाल उठाते हुए कमियों का विश्लेषण करने और जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया।
इसके अलावा अवैध मीट-मांस की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई, बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करें।


