जयपुर के मानसरोवर, सांगानेर में बुधवार को आयोजित ‘रक्षा बंधन पर्व, रक्षा-सूत्र स्नेह’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम में सांगानेर क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि पहुंचे। महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संवाद भी किया।

हालांकि, इस आयोजन में रक्षाबंधन के साथ निकाय चुनाव की सियासत का रंग भी नजर आया। बीजेपी में निकाय चुनाव के टिकटों को लेकर दावेदारों की धड़कनें तेज हैं। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है और दावेदार आखिरी समय तक टिकट हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।

सांगानेर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां बीजेपी के टिकट को लेकर खास उत्साह दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में पहुंचीं कुछ महिलाओं ने भाई के रूप में मुख्यमंत्री से अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट की मांग भी रखी। कोई अपने पति के लिए पार्षद का टिकट चाहती थी, तो किसी ने अपने ससुर के लिए टिकट की पैरवी की।

बताया गया कि आरती वशिष्ठ भी अपने पार्षद पति के टिकट को लेकर मुख्यमंत्री से उम्मीद लेकर पहुंचीं। वार्डों के आरक्षण और टिकट वितरण को लेकर स्थानीय नेताओं में भी सक्रियता बढ़ गई है। ऐसे में रक्षाबंधन का यह कार्यक्रम सांगानेर की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। अब दावेदारों की नजर बीजेपी की प्रत्याशी सूची और पार्टी के अंतिम फैसले पर टिकी है


