मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डेयरी क्षेत्र एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता की एक झलक देखने को मिली, जब वे शासन सचिवालय स्थित सरस पार्लर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वयं सरस छाछ का स्वाद लिया तथा आमजन को पारंपरिक व स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं सहकारिता को मजबूती देने का प्रभावी माध्यम है। इससे पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों को नियमित आय प्राप्त हो रही है तथा गांवों में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरस के माध्यम से आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सरस पार्लर परिसर का अवलोकन कर विभिन्न दुग्ध उत्पादों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सरस पार्लर के कार्मिकों एवं उपस्थित आमजन से आत्मीय संवाद भी किया।





