नीट (यूजी)-2026 री-एग्जामिनेशन का पारदर्शी एवं सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह सचिव गोविन्द मोहन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, परिवहन, कानून-व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है और पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। विगत दिनों मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागवार तैयारियों का जायजा लिया गया था, वहीं मुख्य सचिव द्वारा जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ पूर्व में कई चरणों में बैठकें आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
प्रदेश में 27 शहरों में होगी परीक्षा—
मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक नीट (यूजी)-2026 री-एग्जामिनेशन आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में प्रदेश के लगभग 2.09 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 27 शहरों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के सुरक्षित संचालन के लिए राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर समन्वय समितियों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय समन्वय समितियों (DLCC) को एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, सुरक्षा व्यवस्था, मूवमेंट प्लान तथा विभिन्न हितधारकों के मध्य समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी—
चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से संवेदनशील जिलों तथा अधिक परीक्षा केंद्र वाले शहरों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। राज्य सरकार की ओर से परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एंटी चीटिंग हेल्पलाइन नंबर 9530429258 जारी किया है। अभ्यर्थी एवं अन्य संबंधित व्यक्ति किसी भी प्रकार की असुविधा या शिकायत के लिए इस हेल्पलाइन नंबर पर सम्पर्क कर सकते हैं।


