राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में लगी आग की घटना को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना के तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन के साथ त्वरित बैठक कर हालात की विस्तृत जानकारी ली गई। राहत की बात यह है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग पर काबू पाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड और तकनीकी टीमों की तैनाती कर दी गई है, जो लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
इस घटना को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही, उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश के विकास और रोजगार के लिहाज से एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति का प्रतीक बनेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और प्रधानमंत्री के हाथों इस रिफाइनरी का भव्य उद्घाटन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही उसकी प्राथमिकता है।


