राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। पहले चरण में राज्य के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और लोगों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।
इस चरण में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के हजारों वार्डों के लिए 20 हजार से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। करीब 57 लाख मतदाता इन प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए हजारों मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिसकर्मी और होमगार्ड की तैनाती की गई है।
सुबह 10 बजे तक कई निकायों में 30 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। धौलपुर के सैपऊ में 48.87 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि अजमेर के नसीराबाद में 36.87 प्रतिशत, हनुमानगढ़ के टिब्बी में 34.59 प्रतिशत और श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर में 33.56 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। पाली के सोजत रोड में करीब 29.84 प्रतिशत और सिरोही के मंडार में 29.71 प्रतिशत मतदान हुआ। टोंक की पांच निकायों में सुबह 10 बजे तक कुल 24.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
हालांकि, कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी और फर्जी मतदान की शिकायतों को लेकर हंगामे की स्थिति भी बनी। श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर, राजसमंद के नाथद्वारा, सीकर के फतेहपुर और जालोर के एक वार्ड में शिकायतों के बाद पुलिस-प्रशासन ने मोर्चा संभाला। अलवर, बीकानेर, झालावाड़ और प्रतापगढ़ समेत कुछ बूथों पर ईवीएम में तकनीकी दिक्कत के कारण मतदान प्रभावित हुआ, लेकिन प्रशासनिक टीमों ने मशीनों को दुरुस्त कर मतदान दोबारा शुरू कराया।
पहले चरण में बीकानेर, अलवर, भरतपुर और भीलवाड़ा नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा कई नगर परिषद और नगर पालिकाओं में भी मतदान हो रहा है। जयपुर जिले में 18 निकाय पहले चरण में शामिल हैं, जबकि शाहपुरा और चौमू नगर परिषद में भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
जिन मतदाताओं के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों, जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से शांतिपूर्ण माहौल में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।


