राजस्थान में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे के साथ ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, जिससे न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। शेखावाटी अंचल सहित जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के क्षेत्रों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर, डूंगरपुर, लूणकरणसर और नागौर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बुधवार को सबसे कम तापमान नागौर में 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं फतेहपुर में 3.8, लूणकरणसर में 4.3 और डूंगरपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर, चूरू और पिलानी क्षेत्रों के साथ-साथ नागौर और बीकानेर के आसपास ठंडी हवाओं का खासा असर रहा।
प्रदेश के उत्तरी जिलों श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। सुबह और शाम के समय लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
हालांकि, उत्तर भारत को छोड़कर शेष राजस्थान में आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि जोधपुर में 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। हालांकि 18-19 दिसंबर से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 19 से 22 दिसंबर के बीच राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं।


