मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में कहा कि संयुक्त सचिव नीति निर्माण प्रक्रिया में “कैटेलिस्ट” की भूमिका निभाते हैं और उनके सक्रिय प्रयासों से प्रशासनिक सुधारों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों एवं योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य सचिव राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए की वे अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार आधारित पहल करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। साथ ही नई योजनाओं के सुझाव प्रस्तुत करने तथा जनहितकारी नीतियों को आगे बढ़ाने को भी कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाए, ताकि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी इनका लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में कार्मिक, वित्त, आयोजना, गृह, प्रशासनिक सुधार, कृषि एवं संबद्ध विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क, सांख्यिकी, सहकारिता, चिकित्सा, श्रम, खेल सहित विभिन्न विभागों के संयुक्त सचिव मौजूद रहे।


