संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत दुन्दाड़ा में भू अभिलेख निरीक्षक क्षेत्र दुन्दाड़ा के ग्राम उत्थान शिविर 2026 का अवलोकन किया।
जोगाराम पटेल ने कहा हर वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के हर गिरदावर सर्किल पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं पात्र लाभान्वितों तक पहुंच रही है और आमजन से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
वीबी जी राम जी में मिलेगी 125 दिन रोजगार की गारंटी—
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा वीबी जी राम जी कानून में ग्रामीणों को वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा इस योजना स्थायी संपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे गांवों का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से नरेगा की खामियों को दूर किया गया है।
1 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण—
जोगाराम पटेल ने कहा सहकारिता विभाग के माध्यम से गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा शिविरों में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पशुओं का पंजीकरण किया जा रहा है और तत्काल स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।
शत—प्रतिशत पेंशन वेरिफिकेशन करें—
विधि मंत्री ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड जारी करने और शत प्रतिशत पेंशन वेरिफिकेशन करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को कस्बे में स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
अवैध कनेक्शन काटने के निर्देश—
जोगाराम पटेल ने कहा आरजीएलसी फेज तृतीय का कार्य पूर्ण होने पर आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने अवैध कनेक्शन काटने और अवैध कनेक्शन करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना के तहत 10 पट्टे वितरित—
शिविर में स्वामित्व योजना के तहत 10 पट्टे, मंगला पशु बीमा की 43 पॉलिसी, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की 5 स्वीकृतियां, 20 सॉइल हेल्थ कार्ड और एक व्हीलचेयर का वितरण किया गया।
भवानीपुरा को ग्राम पंचायत बनाने पर ग्रामीणों जताया मुख्यमंत्री का आभार—
पंचायती राज परिसीमन में भवानीपुरा को नवीन पंचायत बनाने पर ग्रामीणों ने विधि मंत्री का स्वागत कर माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संसदीय कार्य मंत्री का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा जन भावनाओं के अनुरूप ग्राम पंचायत का निर्माण किया गया है, जिससे विकास कार्यों और योजनाओं का समुचित लाभ गांव वासियों को मिलेगा।


