प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर केन्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित किया।
जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में केन्द्रीय पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
केन्द्रीय मंत्री ने जैसलमेर पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का अनावरण पटिटका का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आज रेलवे स्टेशन केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि किसी भी शहर की पहचान और विकास का प्रवेश द्वार बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांतवासी लोगों ने कभी कल्पना ही नही की होगी कि जैसलमेर का रेलवे स्टेशन विश्व स्तरीय स्टेशन विकसित होगा लेकिन प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी सोच एवं विकास विजन ने यह साकार कर दिया है कि आमजन की आवागमन की सुविधा के लिए कितना बडा कयाकल्प हुआ है जो हम जैसलमेर रेलवे स्टेशन को आज आधुनिक एवं विश्व स्तरीय स्टेशन के रूप में देख रहे है। उन्होनें कहा कि यह देश एवं प्रदेश का असली विकास है। उन्होनें कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के लिए यह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अब अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं आधुनिक वातावरण मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार एवं अर्थव्यवस्था को भी व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

स्थानीय संस्कृति की झलक के साथ आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ स्टेशन—
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए किया गया है। स्टेशन भवन को जैसलमेर की पहचान रहे स्वर्णिम पीले पत्थरों से आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे यह दूर से ही शहर की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर चौड़े एवं सुव्यवस्थित प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ एवं अत्याधुनिक शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, रैंप तथा स्पर्शनीय टाइल्स विकसित की गई हैं, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
सुरक्षा एवं सूचना व्यवस्था को भी अत्याधुनिक बनाया गया है। स्टेशन परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल सूचना डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा अन्य स्मार्ट सुविधाएं स्थापित की गई हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
पर्यटन, व्यापार और विकास को मिलेगा नया प्रोत्साहन—
जैसलमेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि जैसलमेर के पर्यटन उद्योग, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी। आधुनिक स्टेशन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर स्वागत द्वार के रूप में कार्य करेगा तथा मरुस्थलीय पर्यटन की वैश्विक पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब के जालंधर कैंट से लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
यह लोकार्पण कार्यक्रम जैसलमेर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो आधुनिक भारत के विकसित एवं आत्मनिर्भर रेलवे नेटवर्क की नई तस्वीर प्रस्तुत करेगा।
लाठी भादरिया स्टेशन पर रूकेगी दो बडी ट्रेने—
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जैसलमेर वासियों की भावनाओं को देखते हुए रेलवे मंत्री से आग्रह कर लाठी-भादरिया रेलवे स्टेशन पर दो बडी ट्रेनों की ठहराव की माग की थी जिसकी रेलवे विभाग द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है एवं शनिवार को जयुपर जैसलमेर व ब्रांन्द्रा जैसलमेर ट्रेन लाठी भादरिया स्टेशन पर ठहराव करेगी।
जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने जैसलमेर रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं सुविधायुक्त रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री के साथ ही केन्द्रीय मंत्री शेखावत का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान की स्थिति में इस प्रकार के रेलवे स्टेशन की महति आवश्यकता थी जो आज जैसलमेर वासियों की सौगात के रूप में पूरी हुई है।
फलोदी विधायक पब्बाराम बिशनोई ने अमृत भारत स्टेशन योजना रेलवे के विकास को नया कीर्तिमान बनायेगी।


