जयपुर में आईपीएल मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने शुक्रवार को अपनी मां के साथ प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान गोविंद देव जी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने मंदिर की चौखट पूजा की और आरती में भी शामिल हुए।
अभिषेक शर्मा इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मुकाबलों के सिलसिले में जयपुर में हैं। वे सनराइजर्स हैदराबाद टीम के साथ राजस्थान दौरे पर पहुंचे हैं। 25 अप्रैल को उनका मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाना है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक 22 अप्रैल को अपनी मां के साथ जयपुर पहुंचे थे। मैच से पहले उन्होंने धार्मिक स्थल पर जाकर पूजा की और जीत के लिए आशीर्वाद लिया। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया।

गोविंद देव जी मंदिर जयपुर का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अभिषेक शर्मा के मंदिर पहुंचने से वहां मौजूद भक्तों और क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिला।
आईपीएल जैसे बड़े मुकाबले से पहले खिलाड़ियों का धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करना अक्सर देखा जाता है। अभिषेक शर्मा का यह दौरा भी उसी आस्था और विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। अब फैंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन का इंतजार है।


