जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 के भव्य फिनाले में केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो ने प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार देर रात जी-स्टूडियो में हुए फिनाले में देशभर से चुनी गईं 52 फाइनलिस्ट ने खूबसूरती, प्रतिभा, आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन किया। आखिरकार केजिया ने सभी को पीछे छोड़ते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का ताज अपने नाम किया। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 मनिका विश्वकर्मा ने क्राउन पहनाया।

खिताब जीतने के बाद केजिया ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। वह इस अवसर के जरिए भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने पेश करना चाहती हैं।
अब केजिया लिज मेजो इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दुनिया के अलग-अलग देशों की ब्यूटी क्वीन इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद केजिया के सामने अब वैश्विक मंच पर भारत की पहचान को और मजबूत करने की चुनौती होगी।

वैष्णवी गणेश बनीं फर्स्ट रनर-अप
मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अलग-अलग राउंड में अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया।

सुष्मिता सेन समेत दिग्गजों ने की जजिंग
इस प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट के जज पैनल में बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया रह चुकीं उर्वशी रौतेला, मिस यूनिवर्स की फर्स्ट रनर-अप रह चुकीं सेलिना जेटली, फिल्म प्रोड्यूसर एवं पर्यावरणविद् प्रज्ञा कपूर और मिस यूनिवर्स इंडिया के मालिक निखिल आनंद शामिल रहे। कार्यक्रम में मिस यूनिवर्स इंडिया-2024 रिया सिंघा भी मौजूद रहीं।
केजिया की जीत के साथ केरल को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अब सभी की नजरें प्यूर्टो रिको में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता पर रहेंगी, जहां केजिया भारत की उम्मीदों के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरेंगी।


