कोकिलाबेन अंबानी ने अपना 92वां जन्मदिन राजस्थान के नाथद्वारा स्थित प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में पूरे परिवार के साथ भक्ति भाव से मनाया। इस खास अवसर पर अंबानी परिवार ने भगवान श्रीनाथजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में जन्मदिन का आयोजन बेहद सादगी और आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुआ।
मंगलवार शाम करीब 4 बजे अंबानी परिवार मंदिर पहुंचा और संध्या आरती में शामिल हुआ। दर्शन के बाद युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा ने सभी सदस्यों का पारंपरिक स्वागत करते हुए फेंटा बांधा, रजाई और ऊपरना ओढ़ाकर प्रसाद व आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
इस पारिवारिक और धार्मिक आयोजन में उद्योगपति मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आकाश अंबानी, अनंत अंबानी, श्लोका मेहता, राधिका अंबानी, अंशुल अंबानी, अनमोल अंबानी, नीना कोठारी और दीप्ती सालगांवकर सहित पूरा परिवार एक साथ नजर आया। करीब ढाई घंटे तक परिवार मंदिर परिसर में रहा और पूजा-अर्चना में भाग लिया।

परिवार ने युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा के पिता तिलकायत गोस्वामी इंद्रदमन महाराज और मां राजेश्वरी गोस्वामी से वीडियो कॉल के जरिए भी आशीर्वाद प्राप्त किया। तिलकायत ने कोकिलाबेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
नाथद्वारा आगमन से पहले अंबानी परिवार ने मेवाड़ के आराध्य देव एकलिंगनाथ मंदिर में भी दर्शन किए। वहां विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार ने आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत की।
जन्मदिन के अवसर पर मोती महल चौक में भजन संध्या का आयोजन किया गया। महाप्रभुजी की बैठक में 51 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वस्ति वाचन और मंगलाचरण के पाठ हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भी इस मौके पर कोकिलाबेन को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि 24 फरवरी 1934 को जामनगर, गुजरात में जन्मीं कोकिलाबेन को अंबानी परिवार का मार्गदर्शक स्तंभ माना जाता है। वे परिवार को एकजुट रखने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जानी जाती हैं। वे रिलायंस समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की पत्नी रही हैं और आज भी परिवार के फैसलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल भी उनके नाम पर स्थापित है।


