राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान” के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में एलईडी ऑडियो-वीडियो मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है, जिसमें सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। अभियान के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करे।
ग्रामीणों के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री, मौके पर सुनी समस्याएं—
ग्राम रथ अभियान के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ग्राम पंचायत पीपाखेड़ी, खैराबाद पहुंचे तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कई समस्याओं का हाथों-हाथ समाधान कराया। शिक्षा मंत्री ने ग्रामीणों को सुझाव पेटिका में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नीति निर्माण में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है और उनके सुझाव सरकार के लिए उपयोगी साबित होंगे।
वृद्धा की सुनी फरियाद, मंत्री मदन दिलावर ने पेंशन पुनः शुरू करने के दिए निर्देश—
ग्राम रथ अभियान के दौरान ग्राम पंचायत पीपाखेड़ी, खैराबाद में एक वृद्ध महिला ने शिक्षा मंत्री के समक्ष अपनी बंद पड़ी पेंशन की समस्या रखी। श्री मदन दिलावर ने वृद्धा की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर पेंशन को शीघ्र पुनः शुरू करने के निर्देश दिए। मौके पर हुई त्वरित कार्रवाई से वृद्धा भावुक हो गई और उन्होंने श्री मदन दिलावर एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
करवाड़ एवं पीपल्दा में ग्रामीणों को मिली राहत—
ग्राम पंचायत करवाड़ एवं ग्राम पंचायत पीपल्दा, पंचायत समिति इटावा में ग्रामीणों द्वारा खेतों तक जाने वाले रास्तों पर अतिक्रमण की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी गई। इस पर संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत द्वारा समझाइश कर अतिक्रमण हटवाया गया, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को राहत मिली और खेतों तक आवागमन सुगम हुआ। ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
13 विभागों की योजनाओं का हो रहा प्रचार-प्रसार—
ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े 13 विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। रथों पर उपलब्ध प्रचार सामग्री एवं ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
स्थानीय भाषा, क्विज एवं लोक शैली से बढ़ रही जागरूकता—
अभियान के दौरान स्थानीय भाषा एवं लोक शैली में कलाकारों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वहीं क्विज एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। संध्या चौपाल एवं रात्रि चौपाल के जरिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित कर रहे हैं।
पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो रही ऑनलाइन मॉनिटरिंग—
ग्राम रथ अभियान की गतिविधियों एवं रथों के संचालन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत पहुंचना सुनिश्चित किया जा सके। अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच संवाद एवं जनभागीदारी को मजबूत किया जा रहा है।



