भीलवाड़ा जिले की लांबा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजीविका से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके कौशल, मेहनत और नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति द्वारा निर्मित उत्पाद महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सशक्त उदाहरण हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राजीविका जैसे कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता और महिलाओं की मेहनत से आत्मनिर्भर राजस्थान का संकल्प और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत नींव है।


