प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाले बहुप्रतीक्षित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को पंत कृषि भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने की।
बैठक में 10 अप्रैल को जयपुर में प्रस्तावित कर्टन रेज़र कार्यक्रम तथा देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले रोड शो की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने स्पष्ट कहा कि “ग्राम–2026” प्रदेश में कृषि नवाचार, अत्याधुनिक तकनीकों और बड़े निवेश को आकर्षित करने का ऐतिहासिक अवसर है, जो किसानों की आय वृद्धि, सतत कृषि विकास और वैश्विक स्तर पर राजस्थान की पहचान को सुदृढ़ करेगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कर इस आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे व्यापक स्वरूप दिया जाए। साथ ही सभी समितियों को सौंपे गए दायित्वों के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाला यह भव्य आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाएगा। ग्राम के आयोजन में कृषि एवं कृषि से सम्बन्धित 13 विभाग भाग लेंगे, जिससे किसानों एवं पशुपालकों को ऐक ही मंच पर सभी लाभ मिल सकेंगे। इसमें आयोजन में 75 हजार से अधिक किसानों, 250 से अधिक प्रदर्शकों तथा भारत एवं विदेश की 100 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। साथ ही साउथ एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया तथा उत्तर एवं दक्षिण अमेरिका के देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी अपेक्षित है।
उन्होंने बताया कि निवेशकों को आकर्षित करने और आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद और 8 मई को पुणे में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इन रोड शो के माध्यम से एग्रीटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स, शोध संस्थानों और निवेशकों को राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा।
ग्राम–2026 के अंतर्गत तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, अत्याधुनिक कृषि प्रदर्शनी, स्मार्ट फार्म एवं पशु प्रदर्शनी, बी2बी और बी2जी बैठकें तथा निवेश संवाद जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो प्रदेश को एग्रीटेक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
बैठक में आयुक्त उद्यानिकी श्वेता चौहान, निदेशक कृषि विपणन राजेश कुमार चौहान सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


