राजस्थान में इबोला वायरस का पहला संदिग्ध मामला सामने आया है। युगांडा से जयपुर घूमने आई 19 वर्षीय युवती में इबोला संक्रमण जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (RUHS) अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। युवती शुक्रवार सुबह शारजाह से एयर अरेबिया की फ्लाइट के जरिए जयपुर पहुंची थी।
एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के दौरान उसकी स्वास्थ्य स्थिति संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवती को पिछले एक महीने से पेट दर्द, भूख न लगना और सिरदर्द जैसी शिकायतें थीं। फिलहाल इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
RUHS अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि युवती के सैंपल जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दूसरा सैंपल 48 घंटे बाद भेजा जाएगा। दोनों रिपोर्ट आने तक मरीज को क्वारंटाइन में रखा जाएगा। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे 21 दिनों तक निगरानी में रखकर उपचार किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने मरीज के इलाज और निगरानी के लिए विशेष मेडिकल टीम गठित की है। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, युवती के साथ यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी एहतियात के तौर पर घर में अलग रहने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार भारत में अब तक इबोला का कोई पुष्ट मामला दर्ज नहीं हुआ है। केंद्र सरकार ने भी प्रभावित देशों की गैर-जरूरी यात्रा से बचने और एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।


