जयपुर में लोक संस्कृति, लोक परंपरा और भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध रंगों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘लोकमंथन यात्रा-जयपुर महानगर’ निकाली गई। गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन के बाद जलेबी चौक से शुरू हुई यात्रा को उपमुख्यमंत्री एवं लोकमंथन-2026 आयोजन समिति की अध्यक्ष दीया कुमारी ने रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और प्रबुद्धजन शामिल हुए।
यात्रा हवामहल, बड़ी चौपड़ और अल्बर्ट हॉल होते हुए महारानी कॉलेज पहुंची। मार्ग में रंगोलियां सजाई गईं और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। लोक वाद्य, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यात्रा को लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर किया। क्रीड़ा भारती के खिलाड़ियों ने साइकिलिंग, स्केटिंग, फुटबॉल, कबड्डी और सतोलिया जैसे खेलों का प्रदर्शन भी किया।
दीया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन-2026 समाज जागरण और सामाजिक एकजुटता की दिशा में पहल है। उन्होंने कहा कि लोक जीवन के मूल्य प्रकृति और पर्यावरण के साथ सामंजस्य तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। लोकमंथन-2026 का मुख्य आयोजन 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जयपुर में प्रस्तावित है।


