वृंदावन (मथुरा) के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने शुक्रवार को हरियाणा की शिप्रा शर्मा के साथ जयपुर में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। शादी की मुख्य रस्में करीब तीन घंटे चलीं। विवाह मंडप तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर विशेष रूप से सजाया गया था, जहां दूल्हे के पीछे उनके माता-पिता और पंडित धीरेंद्र शास्त्री विराजमान थे। फेरे की रस्म के दौरान देवी चित्रलेखा, भागवत प्रभु समेत कई साधु-संत और सेलिब्रिटी मौजूद रहे।

101 पंडितों ने करवाईं विवाह रस्में
होटल के जयगढ़ लॉन में आयोजित मुख्य समारोह में हरिद्वार, नासिक और वृंदावन से आए 101 पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच शादी की सभी परंपरागत रस्में पूरी करवाईं। सुबह 11:15 बजे इंद्रेश उपाध्याय मंडप में पहुंचे और पंडितों से आशीर्वाद लिया। दोपहर 12 बजे दुल्हन शिप्रा शर्मा गोल्डन साड़ी में मंडप में पहुंचीं। इंद्रेश उपाध्याय ने चांदी की छड़ी के साथ सभी वैदिक विधियां निभाईं। इससे पहले सुबह 8:30 बजे होटल लॉबी में सेहराबंदी की रस्म हुई, जिसके बाद बारात निकली।
500 से ज्यादा वीआईपी मेहमान रहे मौजूद
शादी में करीब 500 वीआईपी मेहमान पहुंचे हैं। इनमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कुमार विश्वास सहित कई नामी गिरामी हस्तियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ के पहुंचने की भी चर्चाएं थीं हालांकि वे नहीं आए। वहीं देवी चित्रलेखा और भागवत प्रभु भी सुबह ही होटल पहुंच चुके थे।

मेहंदी-संगीत में सेलिब्रिटी की धूम
गुरुवार रात आयोजित मेहंदी और संगीत समारोह में दुल्हन शिप्रा ने खुद इंद्रेश उपाध्याय के हाथों में मेहंदी लगाई। यह पहला मौका था जब दोनों साथ नजर आए। रात के संगीत कार्यक्रम में इंद्रेश के माता-पिता ने डांस कर सबका मन मोह लिया। बॉलीवुड सिंगर बी प्राक भी इस दौरान जमकर नाचे ।


