जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान में 5 धार्मिक स्थलों समेत 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार यह सड़क कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण केवल 25 से 30 फीट चौड़ी रह गई थी, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है।
कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। छतों पर मौजूद लोगों को पुलिस ने माइक के जरिए नीचे उतरने की अपील की। साथ ही लोगों से फोटो और वीडियो नहीं बनाने का अनुरोध भी किया गया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दीं। संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार के आदेश के अनुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं। नंदपुरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई, ताकि वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग भी न हो सके।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद हरे कृष्णा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और नंदपुरी से जगतपुरा तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा यह मार्ग छह प्रमुख कॉलोनियों के बीच से होकर गुजरता है। इससे 50 से अधिक कॉलोनियों के निवासियों को मालवीय नगर, प्रधान मार्ग और अपेक्स सर्किल जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
इंटरनेट बंदी का असर जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व के कई थाना क्षेत्रों में देखने को मिला। इनमें रामगंज, गलता गेट, आमेर, कोतवाली, शास्त्रीनगर, विद्याधर नगर, बस्सी, आदर्श नगर, गांधी नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रताप नगर और जवाहर सर्किल सहित कई क्षेत्र शामिल रहे।


