जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशानुसार जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) राजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. रवि शेखावत, द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने मौसमी बीमारियों पर चर्चा के दौरान चिकित्सा संस्थानों पर साफ सफाई के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा स्टाफ की 24 घण्टे तैनाती सहित नियमित रूप से एंटीलार्वा गतिविधियाँ संपादित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निरंतर फॉगिंग और आईईएसी गतिविधियों को करने के साथ ही सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाए जाने हेतु निर्देशित किया। इन समस्त गतिविधिधियाँ की एंट्री मरुधर एप से किए जाने के निर्देश दिए। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत चिकित्सा संस्थानों में पौधरोपण के निर्देश दिए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) अभियान में गंभीरता से कार्य करने और जुलाई-अगस्त में होने वाले संभावित प्रसव के तहत सीएचओ, एएनएम और आशा सहयोगिनी को नियमित एएनसी संपर्क हेतु पाबन्द किए जाने के निर्देश दिए।
एचपीवी टीकाकरण पर चर्चा के दौरान टीकाकरण को अपेक्षित गति अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सम्पूर्ण टीकाकरण पर भी चर्चा हुई और मिसिंग टीकाकरण को पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही ओजस और लाडो प्रोत्साहन योजना की पेंडेंसी को खत्म करने के निदेश दिए गए। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना और जननी सुरक्षा योजना के भुगतान पूर्ण करने और आभा आईडी संबंधी कार्य को पूर्ण करने, पीएमजेएवाई कार्ड बनाने और ई केवाईसी करने के निर्देश दिए ।
बैठक में मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, एनसीडी, एएनसी, परिवार कल्याण, मां योजना, मां वाऊचर योजना, संस्थागत प्रसव, पीसीपीएनडीटी योजना, आरबीएसके योजना और टीबी मुक्त भारत अभियान पर चर्चा की गई।


