राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में भारतीय वायुसेना के भव्य युद्धाभ्यास ‘वायु शक्ति-2026’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पाकिस्तान बॉर्डर के पास पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित होने वाले इस बड़े सैन्य प्रदर्शन में देश की शीर्ष नेतृत्व मौजूदगी दर्ज कराएगा।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 26 फरवरी की शाम तक जैसलमेर पहुंचेंगे। उनकी अगवानी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वायुसेना स्टेशन पर करेंगे और पूरे कार्यक्रम के दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू जैसलमेर में रात्रि विश्राम करेंगी और 27 फरवरी को वायुसेना स्टेशन पर जवानों से मुलाकात कर सेना की तैयारियों का जायजा लेंगी। इसके बाद वे पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज पहुंचकर ‘वायु शक्ति’ युद्धाभ्यास का मुख्य कार्यक्रम देखेंगी।

इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और मिसाइल सिस्टम अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और जगुआर जैसे फाइटर जेट दिन और रात दोनों समय सटीक निशानेबाजी और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। रेगिस्तानी इलाके में होने वाला यह अभ्यास दुश्मन को जवाब देने की भारतीय सेना की तैयारियों का बड़ा संदेश देगा।
उच्चस्तरीय दौरे को देखते हुए जैसलमेर और पोखरण में सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर रखी गई है। जिला प्रशासन, पुलिस और वायुसेना अधिकारियों ने सुरक्षा का अंतिम रिव्यू किया है। एयरफोर्स स्टेशन से लेकर युद्धाभ्यास स्थल तक चप्पे-चप्पे पर कमांडो और पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
‘वायु शक्ति-2026’ न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि देश की रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भर भारत की तकनीकी क्षमता का भी प्रतीक बनेगा।


