मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नई दिल्ली में केन्द्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
मुख्य सचिव ने कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन से भेंट कर राज्य में डीरेग्यूलेशन एवं कम्प्लायंस रिडक्शन तथा ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की अपडेट दी।
मुख्य सचिव ने वित्त मंत्रालय में व्यय विभाग के सचिव वी. वुमलुनमांग से मुलाकात कर राजस्थान में एसएनए स्पर्श प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी और राज्य के लिए केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत समयबद्ध स्वीकृतियां जारी करने का आग्रह किया। मुख्य सचिव ने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड के अध्यक्ष श्री विवेक भारद्वाज से भेंट कर उन्नत डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जीएसटी राजस्व संग्रहण एवं कर उछाल (टैक्स बॉयन्सी) आकलन पर भी चर्चा की।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार के साथ हुई बैठक में राजस्थान की प्रमुख रेलवे परियोजनाओं अजमेर-चंदेरिया, लूणी-भीलड़ी, जयपुर-सवाई माधोपुर तथा बालोतरा-पचपदरा की प्रगति एवं आगामी कार्य-योजना पर विचार-विमर्श किया।
मुख्य सचिव ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पी.डी. बैसाखिया से मुलाकात कर राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड से लाइमस्टोन आपूर्ति से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
मुख्य सचिव ने कैबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) डॉ. मनोज गोविल से भेंट कर राजस्थान में डीरेग्यूलेशन एवं कम्प्लायंस रिडक्शन फेज-2 तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
के तहत हुई प्रगति की जानकारी साझा की।




