राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया और इसे राजस्थान के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में राजस्थान के समग्र एवं समावेशी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि अमित शाह ने सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने, जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान, सहकारिता क्षेत्र के सशक्तीकरण, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा तथा सीमा से जुड़े जिलों के समग्र विकास के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार राजस्थान के सर्वांगीण, समावेशी और तीव्र विकास के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को और अधिक मजबूती मिलेगी।


