राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने, नए एयरस्ट्रिप के निर्माण तथा प्रदेश के प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पर्यटन, उद्योग और निवेश की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में आधुनिक और सुदृढ़ हवाई अवसंरचना का विकास प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति देगा। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह भी किया।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘उड़े देश का आम नागरिक (UDAN)’ योजना के विजन के अनुरूप राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक नागरिक उड्डयन सुविधाओं के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से राजस्थान के अधिक से अधिक शहर हवाई सेवाओं से जुड़ेंगे, जिससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।


