विश्व के सबसे खुशहाल शहरों की ‘टाइम आउट वर्ल्ड्स हैप्पिएस्ट सिटीज 2026’ रैंकिंग जारी कर दी गई है, जिसमें राजस्थान की राजधानी जयपुर ने दुनिया का छठा सबसे खुशहाल शहर बनकर भारत का गौरव बढ़ाया है। इस वर्ष शीर्ष 10 में जगह बनाने वाला जयपुर एकमात्र भारतीय शहर है।
टाइम आउट द्वारा तैयार की गई यह वार्षिक सूची दुनिया भर के 24,000 से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। इसमें भोजन, संस्कृति, हरित क्षेत्र, नाइटलाइफ़, सामुदायिक भावना, जीवन की गुणवत्ता और समग्र खुशहाली जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर शहरों का मूल्यांकन किया गया।
उद्योगपति हर्ष गोयनका ने भी सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने लिखा कि जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और परंपराएं, लाजवाब भोजन, मजबूत सामुदायिक भावना, सालभर होने वाले रंग-बिरंगे त्योहार, शांत और संतुलित जीवनशैली, हरियाली, गर्मजोशी भरा आतिथ्य और अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व ने इसे दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों में शामिल कराया है।


