प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का भव्य उद्घाटन किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस अत्याधुनिक ट्रेन को रवाना किया, जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। इस मौके पर पीएम ने ट्रेन के ड्राइवर से मुलाकात कर ट्रेन की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली और कोच में मौजूद बच्चों से भी आत्मीय बातचीत की। यह ट्रेन पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने इसी कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने वर्चुअली 4 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें न्यू जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेंगी, जिससे उत्तरी बंगाल में आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य पर काम कर रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दशकों तक पूर्वी भारत को नफरत और उपेक्षा की राजनीति ने जकड़ कर रखा, लेकिन भाजपा ने इस क्षेत्र को उस राजनीति से मुक्त किया है। आज पूर्वी भारत के लोगों का विश्वास भाजपा के साथ है।
पीएम ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह “पत्थरदिल और निर्मम सरकार” है, जिसे बंगाल से विदा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी नेताओं को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं, वे केवल अपनी तिजोरी भरने में लगे हैं। पीएम ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल एकमात्र राज्य है जहां यह योजना लागू नहीं होने दी गई।
महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में एक महिला पत्रकार के साथ टीएमसी के गुंडों ने अभद्रता की। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और पीड़ितों को बार-बार कोर्ट का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने युवाओं और माताओं-बहनों से अपील की कि बदलाव के लिए अपने एक वोट की ताकत को समझें।
घुसपैठ के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि यह बंगाल के सामने बड़ी चुनौती है। दुनिया के कई विकसित देश भी घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रहे हैं और पश्चिम बंगाल में भी एक-एक घुसपैठिए को बाहर करना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी रहते यह संभव नहीं है।
बाढ़ राहत में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट में सामने आया है कि टीएमसी के चहेतों को 40-40 बार राहत राशि दी गई, जबकि असली पीड़ितों को कुछ नहीं मिला। भाजपा की सरकार बनते ही ऐसे काले कारनामे बंद होंगे।
प्रधानमंत्री ने मुंबई में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह दिखाता है कि देश का मतदाता और जेन-जी भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल की बारी है और यहां भी विकास और सुशासन की सरकार बनेगी।


