नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन निर्विरोध रूप से पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में इसका औपचारिक ऐलान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। नबीन, 45 वर्ष के हैं, और पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। किसी और उम्मीदवार के नामांकन न आने के कारण नबीन निर्विरोध चुने गए। इससे पहले उन्हें 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। नितिन नबीन ने अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” से की और कहा कि उन्होंने कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी के देशसेवा के कामों को देखा है।
पीएम मोदी ने नितिन नबीन को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां लोग सोचते होंगे कि मोदी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। लेकिन यह सबसे बड़ी बात है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और नितिनजी मेरे बॉस हैं। मैं कार्यकर्ता हूं और वे मेरे काम का आकलन करेंगे।”
इससे पहले नितिन नबीन ने दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर में माथा टेका। उनके नवनियुक्त अध्यक्ष बनने के मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, नितिन गडकरी सहित सभी राज्यों के सीएम और वरिष्ठ नेताओं ने नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र सौंपे।
पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन ने पार्टी में युवा मोर्चा का नेतृत्व, राज्य प्रभारी की जिम्मेदारियां निभाई हैं और हर दायित्व को पूरी निष्ठा से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि नबीन मिलेनियल पीढ़ी से हैं, जिन्होंने रेडियो से सूचना पाई और आज AI के युग में भी काम कर रहे हैं। यह नबीन के नेतृत्व में पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी में परिवारवाद की राजनीति पर भी टिप्पणी की और कहा कि यह देश के युवाओं के लिए राजनीति में आने के रास्ते बंद कर देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है और संगठन में अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया पूरी तरह से लोकतांत्रिक और कार्यकर्ता केंद्रित रही।
पीएम ने कहा कि आने वाले 25 साल देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे और नितिन नबीन इस कालखंड में भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने पार्टी की परंपरा, अनुभव और राष्ट्र सेवा के भाव को आगे बढ़ाने की बात करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।


