प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित करीब ₹1.05 लाख करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर राजस्थान के विकास को नई दिशा दी।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी से उत्पादन शुरू होने के प्रतीक के रूप में एलपीजी टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने राजकीय सेवा में चयनित नवयुवाओं को अभिनंदन पत्र भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रिफाइनरी के मेन कंट्रोल यूनिट का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें अत्याधुनिक शोधन प्रक्रिया, तकनीकी प्रणालियों और विभिन्न पेट्रोकेमिकल उत्पादों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी में कार्यरत युवा इंजीनियरों और कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने श्रमिकों से भी मुलाकात की, उनसे बातचीत की तथा उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रिफाइनरी परिसर में खेजड़ी का पौधा भी रोपा और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। यह परियोजना राजस्थान को ऊर्जा, औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


