पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विस्फोटक बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी निजी जिंदगी में नई पारी की शुरुआत कर दी है। ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर धवन ने शनिवार को अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं सोफी शाइन के साथ सात फेरे लेकर शादी रचा ली। यह शादी समारोह बेहद सादगीपूर्ण और निजी रखा गया, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने अपने रिश्ते को हमेशा लो-प्रोफाइल रखा, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वे एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। साल 2025 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान दुबई में दोनों को साथ देखा गया, जिससे उनके रिश्ते की चर्चा तेज हो गई थी।

शादी से पहले धवन ने अपने संगीत समारोह की झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा था, “संगीत नाइट… लगभग धवन।” इन फोटोज में कपल बेहद खुश और उत्साहित नजर आया। फैंस ने भी इन तस्वीरों पर जमकर प्यार लुटाया।
इस खास मौके पर धवन के करीबी दोस्त और पूर्व साथी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर नवविवाहित जोड़े को बधाई दी। इससे पहले जनवरी में दोनों ने अपनी सगाई की घोषणा भी इंस्टाग्राम के जरिए की थी। उस समय धवन ने लिखा था कि ‘एक जैसी मुस्कान से लेकर एक जैसे सपने… हम दोनों एक-दूसरे के लिए बने हैं।’

धवन की यह नई शुरुआत उनके फैंस के लिए भी खुशी का मौका बन गई है। क्रिकेट मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले धवन अब जीवन की नई पारी में कदम रख चुके हैं। सोशल मीडिया पर ‘गब्बर’ और उनकी दुल्हनिया को शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है।
क्रिकेट के बाद अब निजी जिंदगी में भी धवन की यह नई पारी चर्चा का विषय बनी हुई है, और फैंस उनके खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।


