सीकर में भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव को भव्य और हर्षोल्लासपूर्ण तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक रहे। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से प्रातः महावीर स्वामी मंदिर से अहिंसा सर्किल तक प्रभात फेरी आयोजित की गई। इसके बाद दिगंबर जैन विद्यालय समिति की ओर से शहर में शाही लवाजमे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो बजाज रोड, अहिंसा सर्किल, स्टेशन रोड, जाट बाजार, पुरानी कोतवाली रोड होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
शोभायात्रा में सजीव झांकियां, तीन बैंड और वर्धमान स्कूल का बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। एक झांकी में वर्तमान वैश्विक संकट और इजरायल-अमेरिका व ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर भी प्रकाश डालते हुए विश्व शांति और मैत्री का संदेश दिया गया। अन्य झांकियों के माध्यम से भगवान महावीर के “जियो और जीने दो” और अहिंसा परमो धर्म के आदर्शों को आमजन तक पहुँचाया गया।
गौतम दक ने इस अवसर पर कहा कि भगवान महावीर ने संपूर्ण विश्व को अहिंसा की राह दिखाई। भगवान महावीर ने प्रेम, दया और करूणा के जिस मार्ग का संदेश दिया, उस पर चलते हुए सभी आदर्श एवं समरस समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने जैन धर्म के 24 वे तीर्थंकर भगवान महावीर जयंती पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने विद्यालय कमेटी को धन्यवाद देते हुए उन्हें हर जरूरत पर सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि जैन समाज हर तरह से सक्षम रहा है, आज भी जैन समाज हर तरह से सक्षम है और हर क्षेत्र में सदेव आगे रहता है। शोभायात्रा के समापन के बाद दिगंबर जैन विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


