भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले को मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि बॉलीवुड के कई गायकों ने उनके मशहूर गीत ‘अभी ना जाओ छोड़कर…’ गाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोमवार सुबह उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए मुंबई स्थित उनके निवास ‘कासा ग्रांडे’ में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में फैंस और सेलेब्रिटीज पहुंचे। इस दौरान उन्हें तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई।

आशा भोसले का रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार के दौरान बेटे आनंद भोसले ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब गायक शान, अनुप जलोटा सहित कई कलाकारों ने गीत गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
आशा भोसले ने अपने 82 साल लंबे करियर में 12 हजार से अधिक गीत गाए और 100 से ज्यादा पुरस्कार जीते, जिनमें पद्म विभूषण और फिल्मफेयर अवॉर्ड शामिल हैं। उनका जाना भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।


