भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह एक केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। आग की चपेट में आकर 8 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 2 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली स्थित All India Institute of Medical Sciences (एम्स) रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई, उस समय फैक्ट्री में लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर अंदर ही फंस गए। गश्त कर रही पुलिस टीम को धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह जल गए। कुछ जगहों पर केवल कंकाल और शरीर के टुकड़े ही मिले, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने पॉलीथीन में इकट्ठा किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में केमिकल के साथ अवैध रूप से पटाखों का निर्माण भी किया जा रहा था।
दोपहर में कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि छोटा विस्फोटक सामग्री होने की आशंका है, गैस रिसाव के संकेत नहीं मिले हैं। मृतकों में पांच मजदूर बिहार के मोतिहारी के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर फैक्ट्री मालिक राजेंद्र के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


