हनुमानगढ़ जिले में भीषण गर्मी के बीच सोमवार सुबह मौसम ने करवट ली और राहत की बूंदें बरसीं। सुबह करीब 6:45 बजे बादल छाने के बाद बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुककर लगभग एक घंटे तक जारी रही। इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को तेज गर्मी से बड़ी राहत मिली।
वहीं, राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने के कारण राज्य के 6 जिलों में आज (सोमवार) आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 3 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट और 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले रविवार को राजस्थान में भीषण गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिला। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में देश में सबसे अधिक रहा। जैसलमेर में 46.3 डिग्री, फलोदी में 46 डिग्री, जोधपुर में 44.6 डिग्री, बीकानेर में 44.4 डिग्री और श्रीगंगानगर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में दिनभर लू (हीटवेव) का प्रकोप जारी रहा।
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जैसलमेर और जोधपुर जैसे क्षेत्रों में भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिला। कई शहरों में स्थिति इतनी गंभीर रही कि लोगों को घरों में ही रहने पर मजबूर होना पड़ा।
पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में अपेक्षाकृत राहत देखी गई, हालांकि तापमान फिर भी सामान्य से अधिक बना रहा। जालोर में 43 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री, पाली में 42 डिग्री, नागौर में 41.7 डिग्री, उदयपुर में 41.6 डिग्री और कोटा में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 11 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में तेज आंधी के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, जोधपुर और उदयपुर संभाग में आगामी दिनों में गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहेगा।


