मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैरोंसिंह शेखावत की 16वीं पुण्यतिथि पर विद्याधर नगर स्थित स्मृति स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति का राजस्थान के विकास में अहम योगदान रहा और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत को उनके कार्यों के लिए जनमानस आज भी याद करता है। पूर्व उपराष्ट्रपति ने राजस्थान में पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार किया था, जिसे बाद में पूरे देश में भी अपनाया गया। उन्होंने कहा कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत ने प्रदेश में किसान, मजदूर और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण काम किए थे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों एवं आमजन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले उन्होंने प्रातःकाल मुख्यमंत्री निवास पर पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैरोंसिंह शेखावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।


