जयपुर के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा महोत्सव के दौरान रविवार को मेहंदी लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अचानक भीड़ बढ़ने से मंदिर के आसपास कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान महाराष्ट्र की एक महिला श्रद्धालु के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई। करीब 3 घंटे में 3500 किलो मेहंदी खत्म हो गई।
मंदिर प्रशासन ने मेहंदी वितरण शाम 7 बजे से शुरू करने की तैयारी की थी, लेकिन भीड़ को देखते हुए इसे शाम 5 बजे से ही शुरू कर दिया गया। करीब 7 बजे मेहंदी खत्म होने का अनाउंसमेंट किया गया और श्रद्धालुओं से घर लौटने की अपील की गई। हालांकि, इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग कतारों में खड़े रहे।

सोशल मीडिया पर वायरल रील्स में दावा किया गया था कि मोतीडूंगरी गणेश मंदिर की मेहंदी लगाने से कुंवारे लड़के-लड़कियों की शादी हो जाती है। इसी दावे के चलते दिल्ली, चंडीगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, पुणे, इंदौर, भोपाल और आगरा समेत कई शहरों से लोग जयपुर पहुंचे। कई श्रद्धालु अपने बेटे-बेटी और बहनों के लिए मेहंदी लेने आए थे।
भीड़ बढ़ने के कारण मंदिर के बाहर तख्तेशाही रोड से लेकर जेएलएन मार्ग तक लंबी कतारें लग गईं। गणेश चतुर्थी के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन भी एक दिन पहले शुरू कर दिया गया था। जेडीए सर्कल से त्रिमूर्ति सर्किल तक बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया गया। इससे टोंक रोड, राजापार्क और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। कई लोग करीब 1 से 1.30 घंटे तक जाम में फंसे रहे।


