राजस्थान में आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है और गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी इजाफा होने लगा है, जिससे ठंडक का असर कम होता जा रहा है।
राज्य के पश्चिमी जिलों के अलावा पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के 12 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे रातें भी अब पहले की तुलना में गर्म महसूस हो रही हैं।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मौसम साफ रहा। बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में सुबह से ही तेज धूप रही, जिससे शाम तक गर्मी का असर बना रहा। रविवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, कोटा, फलोदी, प्रतापगढ़, जालोर और उदयपुर समेत कई शहरों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार आने वाले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क (ड्राय) बना रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल हीटवेव चलने की संभावना नहीं जताई गई है।


